रैगांव विधानसभा सीट छोड़ तीनों सीटों पर भाजपा आगे ….

मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर मतगणना हो रही है। रैगांव विधानसभा सीट को छोड़कर शेष तीनों सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। खंडवा लोकसभा और जोबट, पृथ्वीपुर और रैगांव विधानसभा चुनाव के नतीजे दोपहर तक आ जाएंगे। खंडवा और पृथ्वीपुर में भाजपा के जश्न की तस्वीरें आने लगी हैं और पार्टियाँ अपनी ज़ीत सुनिश्चित मान कर जश्न मनाने लगे है ….

 48 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 32 उम्मीदवार तीन विधानसभा क्षेत्रों में किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, 16 उम्मीदवार खंडवा लोकसभा सीट पर लड़ रहे हैं। चारों ही सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा-कांग्रेस में है। भाजपा सांसद नंदकुमार चौहान के निधन से यह सीट खाली थी। भाजपा ने ज्ञानेश्वर पाटिल पर भरोसा जताया है। ज्ञानेश्वर पाटिल बुरहानपुर के रहने वाले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी खंडवा शहर से हैं।

जोबट और पृथ्वीपुर में भाजपा ने कांग्रेस छोडक़र पार्टी में शामिल होने वालों को उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों ही सीटों पर 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। दो बार की विधायक सुलोचना रावत को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने कांग्रेस छोडक़र भाजपा ज्वाइन कर ली। उनका मुकाबला जोबट में कांग्रेस के जिला प्रमुख महेश पटेल से है।  पृथ्वीपुर में कुछ ही दिन पहले समाजवादी पार्टी (सपा) छोडक़र भाजपा में आए शिशुपाल यादव को टिकट दिया गया है। उनका मुकाबला ब्रजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेंद्र सिंह राठौर से है, जो कांग्रेस के टिकट पर भावनात्मक आधार पर जीत दर्ज करने का सपना देख रहे हैं। रैगांव में भाजपा के पूर्व विधायक जुगल किशोर बागरी की रिश्तेदार प्रतिमा बागरी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने कल्पना वर्मा को चुना है, जो 2018 में जुगल किशोर बागरी से 18 हजार वोट से हारी थी। कल्पना एक मजबूत उम्मीदवार हैं और हारने के बाद भी इलाके में सक्रिय रहीं हैं।

मतगणना अपडेट्स :- खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल कांग्रेस के राजनारायण से 55 हजार वोट से आगे थे, पर बाद में बढ़त घटकर 34 हजार के आसपास रह गई। खंडवा, बुरहानपुर और पंधाना में कांग्रेस को बढ़त, जबकि बागली, मांधाता, नेपानगर, भीकनगांव और बड़वाह में भाजपा आगे चल रही है।

जोबट में बाद भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत कांग्रेस के महेश पटेल से 13 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं। पूर्व विधायक रावत को 47,236 वोट मिले हैं, जबकि महेश पटेल को 33,613 वोट।

रैगांव में शुरुआती राउंड में बढ़त बनाने के बाद भाजपा पिछड़ गई। कांग्रेस की कल्पना वर्मा इस समय प्रतिमा बागरी से 4,270 वोट से आगे चल रही हैं। कल्पना वर्मा को 34,508 वोट मिल चुके हैं, जबकि प्रतिमा बागरी 30,238 वोट हासिल कर सकी हैं। 31 साल बाद पहली बार भाजपा की सीट कांग्रेस की झोली में जाता दिख रहा है।

पृथ्वीपुर में भाजपा के शिशुपाल यादव 3,378 वोट से आगे हैं। शुरुआती राउंड्स में अच्छी बढ़त बनाने के बाद यादव की बढ़त कम हो गई है। यादव को 40,289 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौड़ को 36,911 वोट।

चुनाव में छाए रहे ये मुद्दे :- कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में भाजपा पर महंगाई, बिजली-खाद संकट के साथ ही अन्य मुद्दों को हाइलाइट किया है। कमलनाथ ने तो शिवराज के 17 साल के शासन की कमियां गिनाई। फिर बेरोजगारी, कुपोषण जैसे मुद्दे भी उठाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर क्षेत्र में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। भाजपा ने 12 मंत्रियों और 40 विधायकों को फुलटाइम चुनावी ड्यूटी में लगाए रखा। शिवराज सिंह चौहान ने 40 सभाओं को संबोधित किया। पांच रातें तो उन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों में ही बिताईं। कभी किसी आदिवासी के घर भोजन किया तो किसी गरीब के घर जाकर ठहरे। सुबह शेव करने वाला वीडियो भी खूब वायरल हुआ। समय कम बचा था तो पुनासा डैम पर खड़े-खड़े ही एक सभा को संबोधित किया।