महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की पद यात्रा ..

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की केंद्र की मोदी सरकार की बेतहाशा महंगाई के खिलाफ आम आदमी की आवाज को बुलंद करने शनिवार, 18 दिसंबर को उत्तरप्रदेश के अमेठी में पदयात्रा करेंगे। श्री गांधी के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव श्रीमति प्रियंका गांधी वाड्रा भी पदयात्रा में शामिल होंगी…..

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने राहुल गांधी द्वारा की जा रही पदयात्रा में शामिल होने के लिये प्रदेष की सभी जिला एवं शहर कांग्रेस इकाईयों, कांग्रेस पक्ष के विधायकगण, कांग्रेस पक्ष के वर्ष 2018 के प्रत्याशीगण और जिला प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें तथा सोशल मीडिया, प्रिन्ट मीडिया, समाचार पत्रों में प्रकाशन के माध्यम से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों को पदयात्रा में शामिल होने और उसे सफल एवं प्रभावी बनायें। ताकि केंद्र की भाजपा सरकार की महंगाई के खिलाफ आम आदमी की आवाज को पूरी ताकत के साथ उठाया जा सके।
जनजागरण अभियान के तहत पिछले एक माह में म.प्र. के 50 जिलों में 150 से अधिक जनजागरण यात्रायें आयोजित की जा चुकी हैं। जिसमें म.प्र. के शीर्ष नेतृत्व जैसे कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरूण यादव, कांतिलाल भूरिया आदि से लेकर म.प्र. के विधायकगण, जिलाध्यक्षगण, ब्लाक अध्यक्ष और कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्तर पर जनजागरण यात्रा के सफल आयोजनों में भाग लिया।
जनजागरण अभियान प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत हमने मध्यप्रदेश में 18 यूनिट बनाये है, जहां प्रत्येक यूनिट में 2 से 5 जिलों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही हमने मध्यप्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में 10 ऐसे कांग्रेसजनों को चुना है जिनको मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा जनजागरण अभियान संबंधित संपूर्ण प्रशिक्षण दिया जायेगा और फिर ये 10 प्रशिक्षणार्थी अपनी-अपनी विधानसभा में सेक्टर एवं बूथ तक प्रशिक्षण देंगे।
हमारा पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम भोपाल यूनिट में 25 दिसंबर को आयोजित किया गया है जिसके बाद क्रमवार प्रदेश के सभी 18 यूनिटों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। संपूर्ण जनजागरण अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा में प्रभारी नियुक्त किये गये है। जिन विधानसभाओं में कांग्रेस पार्टी के विधायक है वहां वे स्वयं अपनी विधानसभा में जनजागरण की कमान संभालेंगे। बाकी विधानसभाओं में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा नियुक्त किये गये प्रभारीगण निर्देशित विधानसभाओं में जनजागरण अभियान का संपूर्ण कार्यभार संभालेंगे और जनजागरण अभियान कार्यालय से सतत संपर्क में रहकर अभियान की प्रगति के बारे में निरंतर सूचित करते रहेंगे।