निकाय चुनावों में भाजपा को मिल रही है करारी शिकस्त: पीसी शर्मा

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पूर्व मंत्री एवं विधायक पी.सी. शर्मा एवं मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा की धनबल, प्रशासनिक तंत्र और मशीनरी में भारी दुरुपयोग करने के बाद भी भाजपा को नगरीय निकायों के चुनाव में करारी शिकस्त मिलने वाली है।श्री शर्मा ने कुछेक घटनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा के तमाम हथकंड़ों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ में नगर पालिका के वार्ड एक में भाजपा विधायक द्वारा फर्जी मतदान करवाया जा रहा था, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका तो भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट की गई, प्रशासन ने भाजपा के एजेंट की तरह काम करते हुए पूर्व मंत्री यादवेंद्र सिंह, उनके पुत्र एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर 307, 326 सहित अन्य गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया….

इसी तरह इंदौर में वार्ड नंबर 22 में भाजपा के दबाब में कांग्रेस प्रत्याशी राजू भदोरिया के विरूद्व फर्जी तरीके से 307 का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि वायरल वीडियो श्री भदोरिया झगड़े के समय कहीं नजर नही आ रहे हैं, वे उस समय पुलिस थाने में मौजूद थे। ऐसी ही घटना बीना की है, जहां कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक बिलगैया को भाजपा के दबाव में पुलिस द्वारा जबरदस्ती गिरफ्तार कर थाने में बिठाया गया।

श्री शर्मा ने कहा कि इसी प्रकार आगर मालवा, दतिया, मुरैना, मंडीदीप, पलेरा एवं अन्य तमाम स्थानों पर भाजपा द्वारा चुनाव में गड़बड़ी की कोशिश की गई है। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में भाजपा द्वारा खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। इस सबके बावजूद भाजपा को इन चुनावों में करारी शिकस्त मिलेगी।
श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के मैहर से विधायक नारायण त्रिपाठी ने मध्यप्रदेश की भ्रष्ट और बेईमान व्यवस्था की पोल खोलते हुए सरकारी अफ़सरों से लेकर निर्वाचन आयोग तक को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया। वहीं भोपाल में बीते 4 जुलाई के बाद भी हजारों की संख्या में पोस्टल बैलट (डाक मतपत्र) के माध्यम से गड़बड़ी की गई।

 

 

श्री शर्मा ने कहा कि हाल में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग करके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के दो विधायकों उमंग सिंगार एवं प्राची लाल मीणा ने कल मीडिया के सामने स्पष्ट आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं द्वारा वोट देने के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है, जिससे भाजपा की कलई खोल कर रख दी है।श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा न केवल खरीद-फरोख्त की राजनीति कर रही है, बल्कि विरोधियों को दबाने के लिए सभी तरह के संस्थानों का भी दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस के विधायक संजय शर्मा के ऊपर आयकर का छापा पड़वाया गया तथा प्रताड़ित किया जा रहा है। विपक्षीयों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, भारतीय जनता पार्टी की यही ओछी राजनीति रह गई है।

 

श्री शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों में अधिकांश स्थानों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत मिली है। भाजपा केवल झूठा भ्रम फैला रही है, भाजपा ने जिला पंचायत सदस्यों के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, भाजपा में दम है उस सूची मे से कितने समर्थित उम्मीदवार जीते हैं, वे यह भी बतायें।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मूंग की खरीदी बहुत देरी से चालू की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने चिट्ठी लिखी एवं कांग्रेस के बड़े आंदोलन की चेतावनी से घबराकर खरीदी प्रारम्भ की जा रही है। कांग्रेस पार्टी द्वारा इस मामले में किसानों के लिए संघर्ष किया गया।