नाम बदलने से व्यापम के पुराने पाप नहीं धुलेंगे ..

मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एवं विधायक पीसी शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा एक बार फिर व्यावसायिक परीक्षा मंडल का नाम बदल कर मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड रखने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाली सैकड़ों की जान से खिलवाड़ करने वाले व्यापम घोटाले को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं कर सकती..

श्री शर्मा ने कहा कि व्यापम घोटाला मध्यप्रदेश के इतिहास पर वह बदनुमा दाग है जिसने मध्यप्रदेश का नाम पूरे विश्व में बदनाम किया था। इस घोटाले में कई निर्दोष लोगांे की मृत्यु हुई, एक पत्रकार को अपनी जान गंवानी पड़ी।

लेकिन असली गुनाहगारों को आज भी कोई सजा नहीं हुई है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा व्यापम के विरोध में सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी। दर्जनों घोटालों के माध्यम से प्रदेश को कलंकित करने वाली शिवराज सरकार और कितने घोटालों का नाम बदलेगी जनता आज भी व्यापम घोटाला, डंपर घोटाला, अवैध उत्खनन, सिंहस्थ घोटाला, प्याज खरीद घोटाला सहित अन्य घोटालों पर शिवराज सरकार से जवाब मांग रही है।
मध्य प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी से सबसे ज्यादा त्रस्त हैं प्रदेश की यह स्थिति है कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर हमारे मध्य प्रदेश में है और युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दिशा में कोई ठोस कदम राज्य सरकार द्वारा नहीं उठाए जा रहे हैं। शिवराज सरकार ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करके मध्य प्रदेश को अंधकार की तरफ धकेल रही है।

श्री शर्मा ने आशंका व्यक्त व्यक्त करते हुए कहा है कि बार-बार नाम बदलकर एवं बोर्ड के सारे अधिकार तकनीकी शिक्षा से छीन कर सामान्य प्रशासन विभाग को देने के पीछे बड़े फर्जीवाड़े को अंजाम देने की शंका है।