नर्मदा नदी में बस गिरी गई 13 लोगों की मौत ..

इंदौर से महाराष्ट्र जा रही बस खलघाट पुल से 25 फीट नीचे नर्मदा नदी में गिर गई। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पहले बताया कि 15 लोगों को बचाया गया है। हालांकि, बाद में भूल सुधार किया और कहा कि कोई नहीं बचा है।मध्यप्रदेश के इंदौर से महाराष्ट्र जा रही महाराष्ट्र सरकार की “एसटी” बस धामनोद के पास खलघाट में नर्मदा नदी में गिरने की बहुत ही दुखद और पीड़ादायी दुर्घटना हुई है। मौके पर सभी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी और बचाव एवं राहत टीमें पहुंच गई हैं। बचाव के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। 15 लोगों को बचा लिया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है .. 

बस दुर्घटना के संबंध में हेल्पलाइन नंबर ..
धार जिले के खलघाट में नर्मदा नदी पर सोमवार को हुई बस दुर्घटना पर प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य निरंतर रूप से जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा स्वयं अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। उनकी निगरानी में नदी में सर्चिंग कार्य सतत रूप से किया जा रहा है। संभागायुक्त डॉ. शर्मा के निर्देशन में धार जिला प्रशासन ने घटना के संबंध में सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर में एसडीएम नवजीवन विजय पवार 93293-01390, नायब तहसीलदार केश्या सोलंकी 70004-02972 तथा सीएचसी धामनोद 98265-52527 शामिल है। उक्त हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार के बस हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी खलघाट की दुर्घटना पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि धार, मध्य प्रदेश में हुए बस हादसे में अनेक यात्रियों के हताहत होने से गहरा दुःख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नर्मदा नदी में बस गिरने की दुखद घटना हुई है। जलगांव जिले के अधिकारियों को मध्य प्रदेश के अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। ताकि मरने वालों का अंतिम संस्कार अच्छी तरह संपन्न हो तथा साथ ही घायलों का उचित उपचार किया जा सके। मेरी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात हुई है। खरगोन और धार जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर हैं। मैंने भी मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीावास्तव और एसटी महामंडल के डायरेक्टर शेखर चन्ने को आवश्यक मदद कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्थिव देहों को उनके रिश्तेदारों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को एसटी की तरफ से दस-दस लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश एसटी महामंडल को दिए हैं। 

स्थानीय जिला प्रशासन ने मरने वालों के नामों की सूची जारी की है। इसके अनुसार मरने वालों में ज्यादातर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। तीन लोग राजस्थान के हैं, जबकि एक इंदौर का है। शेष नौ लोग महाराष्ट्र से हैं। अब तक 11 लोगों की पहचान हो चुकी है- 

  • चेतन गोपाल जांगिड़, जयपुर (राजस्थान)
  • जगन्नाथ जोशी, उदयपुर (राजस्थान)
  • प्रकाश चौधरी, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • नीबाजी पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • कमला बाई पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • चंद्रकांत पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • अरवा बोरा, अकोला (महाराष्ट्र)
  • सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, इंदौर (मध्यप्रदेश )
  • राजू मोर, रावतभाटा (राजस्थान)
  • अविनाश परदेसी, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • विशाल बहरे, धुलिया (महाराष्ट्र) 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को दस-दस लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है। वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने की बात कही है। 

दस साल पुरानी थी बस, फिटनेस सर्टिफिकेट भी खत्म होने वाला था
मध्यप्रदेश के खलघाट में जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह दस साल पुरानी है। फिटनेस सर्टिफिकेट की अवधि भी 10 दिन में खत्म होने वाली थी। महाराष्ट्र स्टेट रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक बस इंदौर से महाराष्ट्र के जलगांव जा रही थी। बस नागपुर के ग्रामीण आरटीओ में 12 जून 2012 को रजिस्टर्ड हुई थी। उसका सर्टिफिकेट भी 27 जुलाई 2022 को खत्म होने वाला था। उसका पीयूसी सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस जरूर वैध था। चंद्रकांत एकनाथ पाटिल ड्राइवर थे और प्रकाश श्रवण चौधरी उस बस में कंडक्टर। दोनों की ही मौत होने की खबर मिल रही है। कॉर्पोरेशन ने हादसे के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 022-23023940 जारी किया है। मिडिया रिपोर्ट