गांधी का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा ..

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी औेेर मध्यप्रदेश के विख्यात साहित्यकार कवि पं. माखन लाल चतुर्वेदी की पुण्यतिथि पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेसजनों ने दोनों विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया। कांग्रेसजनों द्वारा इसके पूर्व महात्मा गांधी की शहादत को स्मरण करते हुए 74 वें शहीद दिवस पर पुरानी विधानसभा स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम और वैष्णव जन तो तेने कहिए पीर पराई जाने रे के भजन के साथ गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई..

दोनों महान विभूतियों को श्रृद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने मांग की है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पर्यटन विभाग ने मूर्ति को वापस तामिया रंग में नहीं रंगा तो कांग्रेस पार्टी पर्यटन निगम का घेराव करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं मूर्ति को उसके मूल रंग में रंग देगी। मूर्ति के चश्मे को एक आंख से ऊपर उठा कर भी मूर्ति को विद्रूप करने की क्षुद्रता के लिए पर्यटन निगम की निंदा की गई। गांधी जी की प्रतिमा को काले रंग से रंग देने पर कांग्रेसजनों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदेश मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने मांग की कि पर्यटन निगम इस कृत्य के लिये माफी मांगे अन्यथा,महापुरुषों की मूर्ति को विद्रूपित करने का मामला उसके प्रबंध संचालक के खिलाफ दर्ज कराया जायेगा।
महात्मा गांधी और माखनलाल चतुर्वेदी के जीवन वृतात पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि गांधी की स्मृतियों को मिटाने की चेष्टा करने वाले खुद मिट जायेंगे। गांधी पूरे विश्व की थाती हैं। हत्यारी मानसिकता वाले संकीर्णतावादी उन्हें छू भी नहीं सकते। माखन लाल चतुर्वेदी जी के घर पर 63 बार अंग्रेजों ने तलाशी ली। उन्होंने 12 बार जेल यात्रा की। काग्रेस का इतिहास कुरबानी का इतिहास है, माफी मांगने का नह़ी।
सेवादल के राष्ट्रीय सचिव के.के. पाण्डे और प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता श्रीमती विभा पटेल ने भी इस अवसर पर कांग्रेसजनों को संबोधित किया।  सभा समाप्ति पर दो मिनिट का मौन रखा गया।