खुलासा : प्रेम प्रसंग के चलते महिला एएसआई को गोली मारी ..

भोपाल के टीआई ने इंदौर में की खुदकुशी, महिला अधिकारी हुई घायल ..भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ टीआई हाकम सिंह पंवार ने इंदौर के पुलिस कंट्रोल रूम में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। उन्होंने पहले एक महिला सब इंस्पेक्टर को गोली मारी, इसके बाद खुद अपनी जान दे दी। इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है….

पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया कि ये प्रेम-प्रसंग का मामला है। टीआई हाकम सिंह यहां आकर महिला एसआई के साथ कॉफी पी रहे थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर अचानक विवाद हुआ और टीआई ने गोली चला दी।

कंट्रोल रूम के बाहर दो फायर की आवाज सुन अन्य पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो वहां कार के पास टीआई हाकम सिंह पवार और एसआई रंजना लहूलुहान हालत में पड़े हुए थे। पुलिसकर्मियों ने समझा कि दोनों को किसी ने गोली मारी है। जब वे पास पहुंचे तो माजरा समझ आया। टीआई के पैरों के पास उनकी सर्विस रिवॉल्वर पड़ी हुई थी। उन्होंने जब महिला तो हिलाया तो वह उठकर बैठ गईं और सड़क पर आ गईं। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

सीसीटीवी में टीआई हाकम सिंह और महिला एसआई साथ बैठकर चाय पीते दिखे। उनके साथ रंजना का भाई भी था।
इस घटना में टीआई हाकम सिंह की मौत हो गई। जबिक महिला एसआई रंजना खांडे घायल हो गई हैं। जिन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया है। सिटी स्कैन में रंजना के कान के पास गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर FSL व अन्य टीमें पहुंच गईं। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र भी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे।

58 साल के टीआई हाकम सिंह कॉन्स्टेबल के पद पर पुलिस में भर्ती हुए थे। वह इंदौर, महेश्वर, राजगढ़, खरगोन और भोपाल में पदस्थ रहे। महेश्वर में भी थाना प्रभारी थे। बताया जा रहा है कि हाकम सिंह ने 3 शादियां की थी।

घटनास्थल पर टीआई की मौत हो गई। महिला एसआई भी घायल अवस्था में पड़ी थी।

भोपाल के एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा का कहना है कि टीआई हाकम सिंह 6 फरवरी 2022 को भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ हुए थे। वह खटलापुरा इलाके में फ्लैट लेकर किराए से रहते थे। मूलत: तराना उज्जैन के रहने वाले हाकम सिंह भोपाल में अकेले रहते थे। 21 जून को तीन दिन की छुट्टी लेकर गए थे। गुरुवार को उन्हें जॉइन करना था।

गोली लगने के बाद एसआई रंजना खांडे को अस्पताल ले जाया गया।  खरगोन की रहने वाली हैं रंजना ..

घायल एसआई रंजना खरगोन जिले की रहने वाली हैं और उनकी पहली पोस्टिंग धार में हुई थी। वे साल 2018 में इंदौर आई थीं। पुलिस कंट्रोल रूम में लीगल पर ही ASI के पद पर थीं। वर्ष 2014 में ज्वाइन हुई थी। वे सीधी भर्ती के जरिए विभाग में ज्वाइन हुई थीं। धार में पदस्थ होते हुए किसी महिला आरक्षक के भाई पर 376 का प्रकरण दर्ज करवा चुकी है। रंजना ने बुरहानपुर ,इंदौर, दमोह में कुछ लोगों पर 376 व 498 के प्रकरण दर्ज करवाए है। पुलिस अभी महिला एसआई के परिवार से बात कर रही है। फिलहाल घायल महिला एसआई का उपचार चल रहा है और उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। परिवार के लोग अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं, जबकि रंजना को डॉक्टरों ने अभी बोलने से मना किया है।