अदिति सिंह ने दी प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनौती ..

उत्तर प्रदेश की राजनीति में हो रहे उलटफेर अब किसी को अचम्भित नही कर रहे है ! क्योंकि अब लोग समझ गए है की यह चुनावी बयार है ! यहाँ कुछ भी असंभव नही है ! रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद अदिति सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को रायबरेली सीट पर अपने खिलाफ उम्मीदवार बनने की चुनौती दे डाली है….
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रियंका उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगी तो उन्हें बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा कि रायबरेली कांग्रेस का गढ़ नहीं बचा है ! रायबरेली सदर सीट पर 2017 चुनाव में अदिति सिंह ने पिता की विरासत संभालते हुए कांग्रेस पार्टी के टिकट पर भारी मतों से चुनाव जीता था। इनसे पहले इनके पिता अखिलेश प्रताप सिंह यहां पांच बार विधायक रहे थे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मान लिया कि रायबरेली और अमेठी की जनता उनके साथ ही रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने इन सीटों के लिए कुछ नहीं किया। अदिति सिंह ने दावा किया कि इस बार रायबरेली में इतिहास बनेगा और पहली बार सदर सीट पर कमल खिलेगा।

प्रियंका के उनकी ही सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर अदिति सिंह ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा रहेगा। आगे के लिए कुछ चीजें स्पष्ट हो जाएंगीं। अदिति ने कांग्रेस के लड़की हूं लड़ सकती हूं नारे को भी कोरा बताया।